
CCTV फुटेज में ऑटो से घूमते देखे गए अपहृत अजय तिवारी
परिजनों ने हथियार के बल पर अजय का अपहरण करने का लगाया था आरोप
चार मई की भोर में घर से अजय तिवारी का हुआ था अपहरण
अपहरण मामले सुखपुरा थानाध्यक्ष को SP कर चुके है लाइन हाजिर
बलिया। चार मई की भोर में सुखपुरा थाना क्षेत्र के घसौटी गांव निवासी अजय तिवारी के हथियार के बल पर घर से हुए अपहरण मामले में सीसीटीवी फुटेज में 11 मई को ऑटो से घूमते व जूस पीते हुए अजय तिवारी को देखा गया है। इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए एसपी ओमवीर सिंह ने एसओजी समेत चार टीमें गठित किया था। सूत्र बताते है कि अजय तिवारी का अपहरण नहीं हुआ है, बल्कि वह वह स्वयं परिवार के साथ अपहरण का स्वांग रचे हुए है। खैर मामला जो भी हो पुलिस छानबीन में लगी हुई है। अगर सब कुछ ठीक ठाक रहा तो पुलिस जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। अब देखना यह है कि ऑटो में घूमने वाले व्यक्ति अजय तिवारी है या कोई और?

परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को बताया था कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के घसौटी गांव में चार मई की भोर में करीब दो बजे 10-15 बाइक व एक चार पहिया वाहन से करीब 20 की संख्या में नकाबपोश बदमाशों ने घर पर धावा बोल दिया था और हथियार के बल पर हम लोगों के सामने ही अजय तिवारी का अपहरण कर लिया था। वही विरोध करने पर बेटे, पत्नी और बेटी की जमकर पिटाई कर दिया था। इसके अलावा परिजनों ने सुखपुरा थानाध्यक्ष रामायण सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाया था कि यदि थानाध्यक्ष कड़ा एक्शन लिए होते तो यह दिन नहीं देखना पड़ता। इसके साथ ही 29 अप्रैल 2025 को गांव में आई बारात में कुछ लोगों पर अजय तिवारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। लेकिन पुलिस की जांच में अपहरण जैसे तथ्य सामने अभी तक नहीं आए है। हालांकि इस प्रकरण की जांच में पुलिस गम्भीरता से लगी हुई है। तब तक सीसीटीवी फुटेज के वीडियो में अजय तिवारी नारायनापाली के पास ऑटो से घूमते व जूस पीते नजर आ रहे है। जिसके आधार पर पुलिस भी अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।