
पुलिस मुठभेड़ में अपराधी के पैर में लगी गोली, दूसरा साथी भी गिरफ्तार
बलिया। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शहर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में मंगलवार की भोर में करीब 1.20 बजे बहादुरपुर के समीप अपराधी अनिल यादव के पैर में गोली मार दिया। जिससे वह घायल हो गया। वही साथी अभियुक्त सतीश भाग रहा था। जिसे पुलिस ने दौड़कर कर पकड़ लिया। घायल बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजवाया। जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद है। वही बदमाशों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस एवं संदिग्ध बाइक बरामद किया। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि कोतवाली पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों के वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी बीच कोतवाली पुलिस को वांछित अभियुक्त अनिल यादव और उसके साथी सतीश के बारे में सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया तो बदमाशों ने बहादुरपुर के समीप फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्यवाही की। जिसमें अभियुक्त अनिल यादव के पैर में जा लगी। वही सतीश को पुलिस ने पकड़ लिया। अनिल यादव का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है जो खतरे से बाहर है।