मृतका पूजा के परिजनों से मिले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष

Spread the love

मृतका पूजा के परिजनों से मिले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष

योगी सरकार अपने ही चौकीदार को नहीं दे पा रही न्याय: अजय

बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के सरयां गुलाबराय में हुई पूजा चौहान की मौत को पुलिस अधीक्षक बलिया द्वारा आत्महत्या करार दिया गया। जिससे क्षेत्रीयजनों में आक्रोश व्याप्त है। इसी सिलसिले में शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने परिजनों से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। इसके बाद कहाकि योगी सरकार अपने ही चौकीदार को न्याय नहीं दे पा रही है। वह प्रदेश की जनता को क्या न्याय देगी। उन्होंने इस घटना की न्यायिक जांच की मांग की है।






नगरा थाना क्षेत्र के सरया गुलाबराय में 23 मार्च की सुबह पूजा चौहान पुत्री धर्मराज चौहान का शव दरवाजे पर स्थित जामुन के पेड़ पर जमीन से करीब छह फीट ऊपर लटकता हुआ मिला था। युवती का दोनों हाथ पीछे से रस्सी से बंधा हुआ था। सूचना पर जनपद के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल किए। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पूजा चौहान पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। इसकी जानकारी होते ही शनिवार को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पार्टी के अन्य नेताओं के साथ मृतका के घर पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष मृतका के पिता धर्मराज चौहान, बहन नेहा एवं उसके भाई से मिलकर घटना की पूरी जानकारी हासिल की। मृतका के पिता ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने स्पष्ट रूप से बेटी की हत्या का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस असली आरोपियों को बचाने के लिए जानबूझकर इसे आत्महत्या बता रही है। वही बहन नेहा ने पुलिस की कहानी को नकार दिया। पिता एवं बहन ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने न्याय की मांग करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि सरकार से घटना की जांच कराकर उनके साथ न्याय करे। वही प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मृतका के बीमार मां से भी मिले और कहा कि न्याय की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ है। उन्होंने कहा कि अपने ही चौकीदार को प्रदेश सरकार और योगी की पुलिस न्याय नहीं दे पा रही है। योगी आदित्यनाथ की पुलिस बेलगाम हो गई है। चारों तरफ जंगलराज है। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु सड़क पर उतर कर संघर्ष करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *