ओएनजीसी के सहयोग से पेंशनर पार्क में हाईमास्ट लाइट, आरओ वाटर कूलर और बेंचों की व्यवस्था

Spread the love

ओएनजीसी के सहयोग से पेंशनर पार्क में हाईमास्ट लाइट, आरओ वाटर कूलर और बेंचों की व्यवस्था

बलिया। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए ओएनजीसी फ्रंटियर बेसिन, देहरादून के सीएसआर सहयोग से आरुही विकास संस्थान (AVS), लखनऊ ने मंगलवार को जिला कोषागार परिसर स्थित पेंशनर पार्क में विभिन्न जनसुविधाओं की स्थापना कराई। इस पहल के तहत पार्क में दो हाईमास्ट लाइट, स्वच्छ पेयजल के लिए एक आरओ वाटर कूलर तथा पांच स्टील की थ्री-सीटर बेंच लगाई गईं। इन सुविधाओं के शुरू होने से पार्क में नियमित रूप से आने वाले वरिष्ठ पेंशनरों सहित आम नागरिकों को काफी सहूलियत मिलेगी। हाईमास्ट लाइट से पार्क में रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी, वहीं आरओ वाटर कूलर से लोगों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध होगा। साथ ही बेंचों की व्यवस्था से बुजुर्गों को बैठने के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री आनंद दुबे ने आरुही विकास संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अखिलेश सिंह, संस्थान प्रमुख एवं ट्रेजरर श्री कैलाशी देवी, श्री लवकुश सिंह तथा संस्थान के रीजनल हेड श्री लवकुश यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मौके पर उपस्थित पेंशनरों ने भी संस्थान के पदाधिकारियों के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने ओएनजीसी फ्रंटियर बेसिन, देहरादून और आरुही विकास संस्थान की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत किए जाने वाले ऐसे कार्यों से सार्वजनिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विकास होता है। इसका सीधा लाभ आम नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठजनों को मिलता है। आरुही विकास संस्थान की ओर से इस जनहितकारी कार्य में सहयोग प्रदान करने के लिए ओएनजीसी फ्रंटियर बेसिन, देहरादून के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *