
विधायक ने 150 दिव्यांगों और जरूरतमंदों में बांटी राहत सामग्री
बलिया। बांसडीह नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो में मंगलवार को विधायक केतकी सिंह ने दिव्यांगों और जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री एवं चिकित्सा उपकरणों का वितरण किया। सभासद प्रतिनिधि चंदन गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में नगर के 150 से अधिक जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।




इस दौरान लाभार्थियों को व्हीलचेयर, कान की मशीन, घुटने व कमर के बेल्ट, छड़ी, वॉकर, सिलिकॉन तकिया और कमोड सीट सहित अन्य उपयोगी उपकरण वितरित किए गए। आवश्यक उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस मौके पर विधायक केतकी सिंह ने कहा कि जनता की सेवा और जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करना उनकी प्राथमिकता है। समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को सहारा देना हम सभी की जिम्मेदारी है तथा सभी को इनकी सहायता करनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगी।
सभासद प्रतिनिधि चंदन गुप्ता ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें सेवा का अवसर दिया है, उस विश्वास को कभी टूटने नहीं दिया जाएगा। जरूरतमंदों की सहायता और वार्ड के विकास के लिए वह निरंतर प्रयास करते रहेंगे। इस मौके पर मनीष सोनी, आशीष गुप्ता, आदित्य पांडेय, अमन सोनी, दीपक कुमार, अजय भारती, दुर्गा भारती, सागर, संदीप, कमलेश, सुनील, राहुल, विनय, दिवाकर आदि थे।