जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू, चार दिन चलेगा विशेष अभियान

Spread the love

जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू, चार दिन चलेगा विशेष अभियान

हर बूथ पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, मतदाता दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां

बलिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार को जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है। जिले की 357-बेल्थरा रोड (अ.जा.), 358-रसड़ा, 359-सिकंदरपुर, 360- फेफना, 361-बलिया नगर, 362-बांसडीह एवं 363-बैरिया विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), पदाभिहित स्थलों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के तहसील कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध है। इसके अलावा मतदाता सूची का अवलोकन एनआईसी बलिया की वेबसाइट ballia.nic.in के डीईओ पोर्टल पर भी किया जा सकता है।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वह नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भर सकता है। मतदाता सूची से किसी नाम को हटाने के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन कराने और विधान सभा क्षेत्र के अंदर या एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानांतरण के लिए फार्म-8 भरना होगा। इन फार्मों को ऑफलाइन संबंधित बीएलओ के पास जमा किया जा सकता है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। इच्छुक नागरिक https://voters.eci. gov.in पोर्टल अथवा ECINET ऐप के माध्यम से 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तिथियों पर प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी प्रारूप मतदाता सूची और निर्धारित प्रपत्रों के साथ उपस्थित रहेंगे। नागरिक मौके पर ही अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने और छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने का यह महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी पात्र पुरुषों एवं महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यक कार्रवाई अवश्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *