
फांसी लगाकर युवक ने दी जान, छोटे भाई का चढ़ था तिलक
पति-पत्नी के बीच आए दिन होता था विवाद, घटना के दिन भी था झगड़ा
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के मिड्ढा गांव में मंगलवार की रात करीब नौ बजे सुभाष चौहान 35 वर्ष पुत्र राजेंद्र चौहान ने साड़ी का फंदा बनाकर अपनी ईहलीला समाप्त कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक सुभाष चौहान के छोटे भाई का तिलक का कार्यक्रम चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार से अलग अपने पुराने घर में रहता था। जबकि तिलक का कार्यक्रम नए घर में आयोजित था। सब लोग तिलक के कार्यक्रम में व्यस्त थे। उधर, पुराने घर में युवक ने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की जानकारी परिजनों को तब हुई, जब रात करीब नौ बजे पुराने घर से कोई सामान लेने मृतक की बहन गई, जहां भाई सुभाष को फंदे पर लटकता देख चिल्लाते हुए नए घर की ओर भागी और परिवार के सदस्यों को जानकारी दी। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि मृतक और उसकी पत्नी में बीच आए दिन विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी मृतक की उसकी पत्नी से झगड़ा हुआ था। बताया कि घटना के कुछ समय पहले तक पत्नी घर पर थी, लेकिन घटना होने के बाद वह घर से अपने मायके चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।




