बलिया के दो गांवों में मड़ुआ आटा की रोटी खाने के बाद 66 मरीज पहुंचे अस्पताल

Spread the love

बलिया के दो गांवों में मड़ुआ आटा की रोटी खाने के बाद 66 मरीज पहुंचे अस्पताल

45 मरीजों को किया गया डिस्चार्ज, वर्तमान में भर्ती सभी मरीजों की हालत हुई सामान्य

बलिया। जिले के बांसडीह एवं बेरूआरबारी ब्लॉक के आसचौरा और चोकन गांव में शुक्रवार को अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों में उल्टी, चक्कर और शरीर में कंपन जैसे लक्षण सामने आए, जबकि एक मरीज को सांस लेने में भी परेशानी की शिकायत हुई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल दोनों गांवों में पहुंचीं और राहत एवं उपचार कार्य शुरू किया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार को करीब 11 बजे ग्राम की आशा कार्यकर्ता के माध्यम से लोगों के अचानक बीमार होने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दोनों गांवों में घर-घर भ्रमण कर लक्षणयुक्त लोगों की पहचान की। मरीजों की स्थिति के अनुसार उन्हें एंबुलेंस से संबंधित चिकित्सालयों में भेजा गया तथा सभी लक्षणयुक्त मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित लोगों के स्टूल एवं उल्टी के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लखनऊ स्थित संचारी लैब भेजा जाएगा। वहीं जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजे हैं। गांवों में लोगों को आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी देने के साथ ही अंतर्विभागीय समन्वय से प्रचार-प्रसार भी कराया गया।


सीएमओ के अनुसार, 2 अक्टूबर तक जिला चिकित्सालय में 56, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह में छह तथा शारदा अस्पताल में चार मरीज भर्ती हुए थे। इस प्रकार प्रभावित मरीजों की कुल संख्या 66 रही। उन्होंने बताया कि 03 अक्टूबर को दोपहर एक बजे तक 45 मरीजों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। वर्तमान में जिला चिकित्सालय में 20 और निजी चिकित्सालय में एक मरीज भर्ती है। भर्ती किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है और सभी की हालत सामान्य बताई गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक किसी मरीज की मृत्यु की सूचना नहीं है और किसी भी भर्ती मरीज को उपचार के लिए जिले से बाहर रेफर नहीं किया गया है। गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *