
छात्रवृत्ति पाकर 5909 छात्र-छात्राओं के खिले चेहरे, 1.49 करोड़ रुपये की धनराशि हुई वितरित
बलिया। छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन सभागार में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण भी छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को दिखाया गया। समारोह में जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के छात्र- छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए।



इस अवसर पर जीजीआईसी की कक्षा 12 की 28 छात्राओं को 3290 रुपये तथा कुंवर सिंह इंटर कॉलेज के कक्षा 10 की 16 छात्र-छात्राओं को 2250 रुपये की छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जिले में तीनों विभागों के माध्यम से कुल 5909 छात्र-छात्राओं को 1,49,74,120 रुपये की छात्रवृत्ति धनराशि वितरित की गई। इनमें सामान्य वर्ग के 222 छात्र- छात्राओं को 6,71,000 रुपये, अनुसूचित जाति के 327 छात्र-छात्राओं को 4,58,000 रुपये, अनुसूचित जनजाति के 310 छात्र- छात्राओं को 3,72,000 रुपये, पिछड़ा वर्ग के 4582 छात्र-छात्राओं को 1,19,24,107 रुपये तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 468 छात्र- छात्राओं को 15,49,013 रुपये की धनराशि वितरित की गई।



कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने छात्र- छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक सहायता की महत्ता पर जोर दिया। छात्रवृत्ति मिलने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों को पढ़ाई से जुड़े खर्चों में राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं के साथ वंदे मातरम का गायन कर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस समारोह में सीडीओ आलोक कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।