
पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, पांच जख्मी
पुलिस ने दोनों पक्षों के 22 लोगों के विरूद्ध दर्ज किया मुकदमा
बलिया। मंगलवार की रात खेजुरी थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सीएचसी खेजुरी में चल रहा है। इस मामले में दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने कुल 22 लोगों के खिलाफ संबधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव निवासी सुरेश तुरहा और छोटेलाल तुरहा के बीच पुराना विवाद चल रहा है। जिसको लेकर करीब एक माह पूर्व भी दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई थी। जिसकी शिकायत मिलने पर शांतिभंग का मुकदमा भी पंजीकृत किया गया था। हालांकि बाद में दो पक्षों ने आपस में सुलझ समझौता कर लिया था। मंगलवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर एक बार फिर दोनों पक्ष कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि लाठी डंडे सहित धारदार हथियार चलने लगे। जिसमें सुरेश तुरहा की तरफ से तीन और छोटेलाल तुरहा पक्ष से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रथम पक्ष का आरोप है कि दूसरा पक्ष लामबंद हो मेरे घर में घुस गया और धारदार हथियार सहित लाठी डंडे से मारना पीटना शुरू कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष द्वारा रास्ते में रोक कर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में एक पक्ष की तहरीर पर 14 और दूसरे पक्ष की तहरीर आठ लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पुलिस ने पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दिया है। इस बाबत एसएचओ अनिता सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। तहरीर के आधार पर क्रास मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है।