
बलिया सड़क हादसे में तीन घायल, दो की मौत
बारात में शामिल होने नराव गांव जा रहे थे तीनों युवक
रसड़ा-फेफना मार्ग पर पहाड़पुर गांव के समीप हुआ हादसा
बलिया। रविवार की देर रात रसड़ा-फेफना मार्ग पर पहाड़पुर गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया। जहां चिकित्सक ने दो को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीसरे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के काछीकला गांव निवासी अरविंद साहनी 30 वर्ष, दिनेश साहनी 28 वर्ष व पवन चौहान 26 वर्ष एक ही बाइक पर सवार होकर गड़वार थाना क्षेत्र के नरांव गांव में बारात में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के पास पहुँचे की सामने से आ रहे अज्ञात वाहन और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही संवरा चौकी इंचार्ज गणेश पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। जहाँ डाक्टर ने दिनेश व अरविंद को मृत घोषित कर दिया। जबकि पवन चौहान का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।