
ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के कुशहा भाड़ के समीप गुरुवार की शाम ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल के पास बकरी चराने वालों की माने तो मृतक काफी देर से रेल पटरी पर बैठा हुआ था। जब वाराणसी की तरफ से गोरखपुर जाने वाली दादर ट्रेन आई तो उसके सामने आत्महत्या के लिए कूद पड़ा। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी शिनाख्त उभांव थाना के ग्राम सहिया निवासी राम अवध (64) के रूप में की गई। सूचना मिलते ही मृतक का पुत्र अजय घटना स्थल पर पहुंच गया। लोगों की मदद से चोटिल समझ कर उसे सीएचसी सीयर में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।