त्योहार बाद यात्रियों की सुविधा के लिए तीन विशेष ट्रेनों का संचालन, बलिया होकर गुजरेंगी सभी गाड़ियां

Spread the love

त्योहार बाद यात्रियों की सुविधा के लिए तीन विशेष ट्रेनों का संचालन, बलिया होकर गुजरेंगी सभी गाड़ियां

बलिया। दीपावली और छठ महापर्व के बाद यात्रियों की वापसी की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तीन विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इनमें उधना-छपरा, भावनगर टर्मिनस-छपरा और दरभंगा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के संचालन से बलिया और आसपास के यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। तीनों ट्रेनों का बलिया स्टेशन पर ठहराव निर्धारित किया गया है।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 09143 उधना-छपरा त्योहार विशेष ट्रेन 18 नवंबर को उधना से सुबह 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन बलिया स्टेशन पर रात 10:35 बजे पहुंचेगी। यहां से 10:37 बजे प्रस्थान कर रात 11:55 बजे छपरा पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन एकल यात्रा के लिए किया जा रहा है। इसमें शयनयान के छह, सामान्य द्वितीय श्रेणी के आठ, कुर्सीयान के दो तथा अन्य दो कोच समेत कुल 18 कोच लगाए गए हैं।


इसी क्रम में 09614 भावनगर टर्मिनस-छपरा त्योहार विशेष ट्रेन भी 18 नवंबर को भावनगर से सुबह 10:15 बजे रवाना हुई है। विभिन्न स्टेशनों से होते हुए यह ट्रेन तीसरे दिन यानी 20 नवंबर को रात 2:20 बजे बलिया पहुंचेगी और 2:22 बजे छूटकर सुबह 4:30 बजे छपरा पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं, जिनमें तीन शयनयान, छह सामान्य द्वितीय श्रेणी और सात सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के कोच शामिल हैं।
वहीं, 05523 दरभंगा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस त्योहार विशेष ट्रेन 19 नवंबर को दरभंगा से शाम 4:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन छपरा से रात 10:25 बजे चलकर रात 11:35 बजे बलिया पहुंचेगी। यहां से 11:37 बजे प्रस्थान कर गाजीपुर, वाराणसी, प्रयागराज और जबलपुर होते हुए तीसरे दिन सुबह 3 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।


वापसी में 05524 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दरभंगा विशेष ट्रेन 21 नवंबर को सुबह 6 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 9:35 बजे बलिया पहुंचेगी और 9:37 बजे छूटकर सुबह 11:30 बजे छपरा पहुंचेगी। इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी के नौ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के पांच और एसएलआरडी के दो कोच समेत कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन के इस इंतजाम से त्योहार के बाद गुजरात, महाराष्ट्र और अन्य क्षेत्रों से पूर्वांचल तथा बिहार लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। बलिया स्टेशन पर निर्धारित ठहराव से स्थानीय यात्रियों को भी लाभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *