
छठ बाद नंदीग्राम मेले में पंजाब, हरियाणा, बिहार प्रांत से पहुंचने लगे मवेशी
फ्रीजियन, साहीवाल नस्ल की पहुंची गाय, पशु मेले बढ़ी रौनक
30000 से तीन लाख तक के पहुंचे नंदीग्राम मेले में घोड़े

बलिया। भृगु मुनि के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर लगने वाले ऐतिहासिक ददरी मेला के नंदी ग्राम (पशु मेला) में जनपद, गैर जनपद और गैर प्रांतों से पशुओं की आवक छठ के बाद तेज हो गई है। बुधवार को पंजाब, हरियाणा, बिहार सहित अन्य प्रांतों और गैर जनपदों से गाय, भैंस, बछिया, पड़िया, खच्चर, घोड़ा, बैल आदि आ चुके है और आ भी रहे है।




पंजाब से पधारे पशु व्यापारी आशु ने बताया कि वह ददरी पशु मेले में तीन पीढ़ियों से आ रहे है। बीच में पशुओं में फैले बीमारी के चलते तीन – चार साल तक नंदीग्राम मेला नहीं लग पाया था। इस बार लगा तो अभी फ्रीजियन और दोगली साहीवाल गाय लेकर आया हूं। जिसकी कीमत क्रमशः 1.50 लाख और 1.20 लाख रुपए है। बताया कि और गाय ट्रक से आ रही है।व्यापारी मुन्ना यादव ने बताया कि वह अभी सात गाय लेकर मेले में आया हूं। जिसकी कीमत 65000रुपए है। पीलीभीत से पधारे बाबू भाई ने बताया कि राजस्थान से 25 घोड़ा व उसके बच्चे लेकर आए है। जिनकी कीमत 30000 से तीन लाख रुपए तक है। बताया कि गोल्डन घोड़े की कीमत सवा तीन लाख और काले की कीमत तीन लाख रुपए है। छठ बाद से पशु मेला में मवेशियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। बता दे कि कोरोना और फिर लम्पी बीमारी के चलते पिछले कई साल से पशु मेला नहीं लग पा रहा था। इस वर्ष लगा है। जिसमें पशुओं की आवक हो रही है। नगरपालिका प्रशासन द्वारा पशु मेला में प्रवेश शुल्क तीन सौ रुपए और बिक्री शुल्क पांच सौ रुपए निर्धारित किया गया है।