
बहादुरपुर में बलिया-सिकंदरपुर मार्ग को ग्रामीणों ने किया जाम
कोतवाली पुलिस व तहसील प्रशासन पर भूमाफिया से मिलिभगत कर कब्जा हटाने का लगाया आरोप
दूसरे पक्ष ने जामकर्ताओं पर अवैध कब्जा करने का लगाया आरोप
बलिया। जमीन पर कब्जा हटाने को लेकर शहर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर के ग्रामीणों ने रविवार को गांव के सामने मुख्य मार्ग बलिया-सिकंदरपुर को चक्काजाम कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही सदर एसडीएम आत्रेय मिश्रा एवं सीओ सिटी गौरव कुमार मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को समझाकर जाम समाप्त करवाया। वही सोमवार को तहसील में दोनों पक्ष को कागजात के साथ बुलाया।

एक पक्ष के जामकर्ता विवेक शर्मा ने बताया कि पांच डिसमिल जमीन मेरी मां के नाम से रजिस्ट्री है। जिस पर भू-माफिया कोतवाली पुलिस व तहसील प्रशासन से मिलीभगत कर जबरिया कब्जा हटाने आए थे। जबकि मेरे पास स्टे आर्डर भी है। उधर दूसरे पक्ष के सुनील मिश्रा ने बताया कि विपक्षियों द्वारा मेरे द्वारा ली गई जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है। जिसे प्रशासन हटाने आई थी। लेकिन यह लोग लोकल होने के नाते अवैध रूप से कब्जा की जमीन को छोड़ने को तैयार नहीं है। यह जमीन श्रीवास्तव लोगों से रजिस्ट्री कराई गई थी। इस बाबत सदर एसडीएम आदित्य मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली ग्रामीणों ने आपस में विवाद किया है। इसके बाद मैं और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों को समझा कर शांत कराया गया और सोमवार को तहसील पर कागजात के साथ बुलाया गया। बताया कि चक्का जाम के बारे में मुझे जानकारी नहीं है।













