मांझी पुल चेकपोस्ट के पास ट्रैक्टर चालक को जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग में दो गिरफ्तार

Spread the love

मांझी पुल चेकपोस्ट के पास ट्रैक्टर चालक को जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग में दो गिरफ्तार

रितेश के बजाय ट्रैक्टर मालिक बबलू के जांघ में लगी थी गोली

बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के मांझी पुल चेकपोस्ट के पास ट्रैक्टर चालक को जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, एक कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने रितेश यादव की हत्या की नीयत से फायरिंग करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, रितेश यादव पुत्र दयाशंकर यादव निवासी छोटका बैजू टोला, सिताबदियारा, थाना रिविलगंज, बिहार से शुक्रवार की रात करीब 10 बजे ट्रैक्टर मालिक बबलू गुप्ता निवासी लीला छपरा वार्ड नम्बर चार के साथ आलू बेचकर ट्रैक्टर चलाकर गांव आ रहा था। जैसे ही वह मांझी पुल चेकपोस्ट के पास पहुंचा कि पांच आरोपी बाइक से ओवर टेक कर ट्रैक्टर को रोक लिया और रितेश को जान से मारने की नीयत से गोली चला दिया। संयोग से वह गोली रितेश को न लगकर ट्रैक्टर मालिक बबलू गुप्ता के जांघ में जा लगी। इस मामले में पुलिस ने घायल के भाई के तहरीर पर बैरिया थाने में धारा 109(1), 191(2), 352 व 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इसी क्रम में शनिवार की रात बैरिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित रमाशंकर यादव पुत्र लक्ष्मण यादव निवासी चांददियर, थाना बैरिया और दयाशंकर यादव उर्फ टुन्नू पुत्र राजनाथ यादव निवासी चांददियर, थाना बैरिया जनपद बलिया को गिरफ्तार किया। वही उनके पास से अवैध तमंचा और एक कारतूस व एक मोबाइल बरामद किया।

लव मैरिज से नाराज थे आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जयराम यादव की बहन के साथ रितेश यादव ने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। इससे गांव और खानदान की बदनामी होने की बात कहते हुए दोनों ने रितेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत बिहार से ट्रैक्टर लेकर लौट रहे रितेश को मांझी पुल के पास गोली मारी गई, लेकिन निशाना चूकने से गोली उसके साथ बैठे व्यक्ति की जांघ में लग गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *