
NPS के विरोध में शिक्षकों ने आवाज की बुलंद
पुरानी पेंशन को लेकर 26 सितंबर की रैली को सफल बनाने का लिया संकल्प
बलिया। रविवार को अटेवा डेस्क द्वारा पुरानी पेंशन बहाली और एनपीएस के निजीकरण के विरोध में शिक्षकों की एक महत्त्वपूर्ण बैठक ब्लॉक संसाधन केंद्र, चिलकहर पर आयोजित की गई। जिसमें एक स्वर से एनपीएस को देश हित के खिलाफ बताते हुए पुरानी पेंशन बहाली करने की मांग की गई। इसके साथ ही जिला मुख्यालय पर 26 को आयोजित होने वाली आक्रोश रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक के मुख्य अतिथि अटेवा जिला प्रवक्ता विनय राय ने कहाकि एनपीएस के निजीकरण से न केवल शिक्षकों के भविष्य पर संकट है, बल्कि यह देश की आर्थिक सुरक्षा के लिए भी घातक है। उन्होंने पुरानी पेंशन की बहाली को शिक्षक समुदाय की महत्वपूर्ण मांग बताते हुए इसे हर हाल में सफल बनाने की अपील की। बैठक में ब्लॉक संयोजक के चुनाव की प्रक्रिया भी संपन्न की गई। जिसमें विनय कुमार विसेन को सर्वसम्मति से चिलकहर का ब्लॉक संयोजक चुना गया। बैठक को सफल बनाने में स्थानीय शिक्षक संगठनों के साथ ही विभिन्न संघों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी अहम योगदान रहा।













