
जाति तथा भाषा के नाम पर विभाजन कांग्रेस जैसी पार्टी को करता है सूट: भूपेंद्र
समाज को बांटकर, जाति के आधार पर राजनीति करने का है एजेंडा
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर किया प्रहार
बलिया। अंग्रेजों की तर्ज पर देश में जाति तथा भाषा के नाम पर विभाजन कांग्रेस जैसी पार्टी को ही सूट करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमारे देश को लंबे समय तक गुलाम करने वालों ने हमारी सभ्यता एवं संस्कृति को जिस प्रकार से रौंदने का काम किया उसके उपरांत सत्ता में आने वाली पार्टी का भी वही एजेंडा रहा। यह बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने रविवार को बसंतपुर गांव में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के दौरान कही।
भूपेंद्र चौधरी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहाकि कांग्रेस यह जानती थी कि देश में इतनी सामाजिक एवं भाषाई विविधताएं हैं कि कोई राष्ट्रीय पार्टी खड़ी नहीं हो पायेगी। जो गांव से लेकर सभी राज्यों में अपने संगठन का विस्तार कर सके। सब लोग जानते हैं, इन लोगों का एजेंडा समाज को बांटकर जाति के आधार पर राजनीति करने का है। हम लंबे समय तक गुलाम रहे और उस गुलामी के मूल में सोचोगे तो कहीं न कहीं ये जो देश में विभाजन हम लोगों में है, चाहे भाषा क्षेत्र या जाति के नामपर हो, यह हमारी कमजोरी का बड़ा हिस्सा है। इसी कल खंड में इन्ही कारणों से जो छोटे-छोटे ग्रुप आए, वो हमारी व्यवस्था को रौंदते हुए देश की सत्ता पर काबिज हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजों ने हमारे मठ मंदिरों तथा हमारे देव स्थानों के प्रति जिस प्रकार का उन्होंने दृष्टिकोण अपनाया उसने हमारी सभ्यता तथा संस्कृति को समाप्त करने का काम किया। लेकिन जब हम आजाद हुए तो जो शासन करने वाली पार्टी थी, उसका भी यही एजेंडा था। लेकिन यह हमारे- आपके लिए गर्व का विषय है कि आप सभी के आशीर्वाद से देश में प्रधानमंत्री मोदी को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का पुनः अवसर मिला।













