
बच्चों का विवाद पहुँचा घर, हुई मारपीट, पांच घायल
बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के भदौरिया टोला में शनिवार की देर रात दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें ईट, पत्थर, लाठी, डन्डे और चाकू भी चला। इस घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के लड़कों में पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था। इन लड़कों का गणेश पूजा में भी विवाद हुआ था। जिसको लेकर दोनों परिवारों में शनिवार की देर रात कहासुनी हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर ईंट, पत्थर, लाठी, डंडे व चाकू बाजी हुई। जिसमें एक पक्ष के अभि सिंह (20), अनुप सिंह (22) तथा दुसरे पक्ष के सत्यदेव यादव(57) ,राकेश यादव (32),ऋषी यादव (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची हल्दी पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनवानी पहुँचाया, जहां से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बाबत थानाधयक्ष हल्दी अशोक कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।













