
सोमवार को नगर में निकलेगा महावीरी झंडा जुलूस
अखाड़ेदार जुलूस को भव्यता देने में रात-दिन लगे
जुलूस के दौरान भारी मात्रा में फोर्स रहेगी तैनात
बलिया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन पर्व के दिन सोमवार को नगर में निकलने वाले ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस निकालने की तैयारियां तेज हो गई है। नगर के सभी अखाड़ेदार जुलूस को अंतिम रूप देने में रात-दिन लगे हुए हैं। वहीं जुलूस में करतब दिखाने वाले युवा अपने-अपने गुरुओं के निर्देशन में विभिन्न करतब सीख रहे है। उधर, जिला प्रशासन व पुलिस महकमा भी जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कमर कस लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर जनपद व गैर जनपद से आए पुलिसकर्मियों व पीएसी के जवानों को नगर के विभिन्न स्थानों पर तैनात कर दिया गया है, जो सोमवार को निर्धारित समय से अपने-अपने नियत स्थान पर तैनात हो जाएंगे। जबकि नगर के विशुनीपुर चौराहा स्थित जामा मस्जिद पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
प्रत्येेक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन पर्व पर नगर में निकलने वाले ऐतिहासिक महाबीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस महकमा ने कमर कस रखा है। जुलूस को शांतिढंग से निकालने के लिए जिला प्रशासन ने अखाड़ेदारों के साथ बैठक कर मानक निर्धारित किया है। जिसे सभी अखाड़ेदारों ने अक्षरश: पालन करने के लिए सहमति भी प्रदान की है। ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की कोई दुर्व्यवस्था न फैल सकें। इस दौरान डीएम ने बिजली, पानी व नगर की साफ-सफाई रखने की हिदायत संबंधित विभाग को बैठक में दे चुके है। जिसके बाद संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी जुट गए है। उधर, नगर के विभिन्न अखाड़ेदारों ने अपने-अपने जुलूस को भव्यता प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रकार की झांकियां तैयारी करने में रात-दिन लगे हुए है। जुलूस के दौरान करतब दिखाने वाले युवा अपने-अपने गुरुओं के सानिध्य में विभिन्न प्रकार के खेलों का अभ्यास कर रहे है। सुरक्षा के मद्देनजर विशुनीपुर स्थित जामा मस्जिद के चारो तरफ बैरिकेटिंग कर दिया गया है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा, खुफिया विभाग के साथ ही भारी संख्या में महिला एवं पुरूष पुलिस एवं पीएसी के जवान जगह-जगह मौजूद रहेेंगे।
नगर में चार पहिया वाहनों का रहेगा प्रतिबंधित
बलिया। रक्षाबंधन पर्व पर नगर में निकलने वाले ऐतिहासिक महाबीरी झंडा जुलूस के दौरान छोटे-बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसकी जानकारी देते हुए यातायात प्रभारी समद खान ने बताया कि नगर में बैरिया, सिकंदरपुर, भरौली एवं रसड़ा की ओर से आने वाले ट्रक व बस फेफना-गड़वार-सुखपुरा के रास्ते जाएंगे। जबकि भरौली व रसड़ा की ओर से सवारी ढोने वाले चार पहिया वाहन माल्देपुर मोड़ पर रूकेंगे। इसी प्रकार बैरिया की ओर से सवारी लेकर आने वाले चार पहिया वाहन कदम चौराहा, बांसडीह की ओर से आने वाले सवारी वाहन एनसीसी तिराहा, सिकंदरपुर की ओर से आने वाले चार पहिया वाहन बहादुरपुर, नगरा की ओर से सवारी लेकर आने वाले वाहन गड़वार तिराहे पर रूकेंगे। इस दौरान ई-रिक्शा चालकों का भी नगर में प्रवेेेश जुलूस के दौरान पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।








