
जिले में धूमधाम से मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस
जिलाधिकारी ने अपने आवास के बाद कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण
क्रांतिकारियों की धरती पर ध्वजारोहण करना मेेरे लिए गर्व की बात: डीएम
बलिया। जिले में 78वां स्वतंत्रता दिवस सभी सरकारी एवं गैर संस्थानों पर धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों पर ध्वजारोहण के बाद विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने अपने आवास पर ध्वजारोहण करने के बाद कलेक्ट्रेट में झंडा फहराया। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित नेताजी सुभाषचन्द बोस की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी को सम्बोधित किया।


जिलाधिकारी ने सेनानी परिजनों, कलेक्ट्रेट कर्मियों व समस्त जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहाकि मेरे लिए गौरव की बात है कि इस क्रान्तिकारी बलिया की धरती पर ध्वजारोहण करने का सौभाग्य मिला। यहां की क्रान्ति की वीर गाथा पढ़ने व याद रखने योग्य है। हम सब अपने वीर बलिदानियों को याद रखते हुए इस आजादी की महत्ता को समझें और इसे अक्षुण्य बनाएं। कहाकि अधिकार के साथ कर्तव्य का पालन बहुत जरूरी है। इसलिए जो जिस क्षेत्र में हैं, अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी व निष्ठा से करे और बलिया के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराएं।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामविचार पाण्डेय ने आजादी की लड़ाई में बलिया के योगदान का सजीव वर्णन किया। इस मौके पर एडीएम डीपी सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिनेन्द्र सिंह, कृष्णकांत विश्वकर्मा, अनवर राशिद फारूखी, साहित्यकार शिवकुमार कौशिकेय, कवि फतेहचंद बेचैन सहित कलेक्ट्रेट स्टॉफ मौजूद थे। संचालन कलेक्ट्रेट संघ के अध्यक्ष कौशल उपाध्याय ने किया।








