ददरी मेले की चेतक प्रतियोगिता में दम दिखाने पहुंचे दुबहर के सुल्तान और रुद्र

Spread the love

ददरी मेले की चेतक प्रतियोगिता में दम दिखाने पहुंचे दुबहर के सुल्तान और रुद्र

29 नवंबर को होगी प्रतियोगिता, कई जिलों और गैर प्रांतों के घोड़ों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला

बलिया। भृगु मुनि के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर आयोजित ऐतिहासिक ददरी मेले में घोड़ों की टाप और उनकी रफ्तार का रोमांच एक बार फिर देखने को मिलेगा। मेले में 29 नवंबर को आयोजित होने वाली चेतक प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और रफ्तार का प्रदर्शन करने के लिए जनपद के अलावा दूसरे जिलों और गैर प्रांतों से भी एक से बढ़कर एक घोड़े पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में दुबहर क्षेत्र के सुल्तान और रुद्र भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए ददरी मेला पहुंच चुके हैं।


दोनों घोड़ों के मालिक आलोक उपाध्याय और पवन उपाध्याय ने बताया कि चेतक प्रतियोगिता में सुल्तान अपनी रफ्तार और प्रदर्शन के दम पर पहले भी कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार हासिल कर चुका है। वर्ष 2026 में सुल्तान ने बलिया में मां कपिलेश्वरी भवानी, चितबड़ागांव, इंदिरा मऊ, बिहार के बक्सर जिले के नियाजिपुर, गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर तथा हल्दी थाना क्षेत्र के बिगही सोनवानी में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।


उन्होंने बताया कि सुल्तान का ददरी मेले की चेतक प्रतियोगिता से पुराना नाता रहा है। इससे पहले वर्ष 2019 और 2022 में भी वह प्रतियोगिता में शामिल हुआ था, लेकिन उस समय कोई स्थान हासिल नहीं कर सका। अब तीसरी बार सुल्तान ददरी मेले की प्रतियोगिता में अपनी किस्मत आजमाने पहुंचा है। इस बार बेहतर प्रदर्शन कर पुरस्कार जीतना घोड़े के मालिकों की उम्मीद है। सुल्तान के घुड़सवार लट्टू वर्मा हैं, जो प्रतियोगिता के दौरान उसकी रफ्तार और कौशल का प्रदर्शन कराएंगे।ददरी मेले की चेतक प्रतियोगिता को लेकर घोड़ा पालकों और घुड़सवारी के शौकीनों में खासा उत्साह है। प्रतियोगिता में अलग- अलग क्षेत्रों से आने वाले घोड़ों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। ऐसे में दुबहर के सुल्तान और रुद्र पर भी स्थानीय लोगों की निगाहें टिकी हैं। अब देखना होगा कि तीसरी बार ददरी मेले में पहुंचा सुल्तान इस बार अपनी रफ्तार के दम पर कौन सा स्थान हासिल करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *