तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो दोस्तों की मौत

Spread the love

तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो दोस्तों की मौत


सहतवार-हरपुर मार्ग पर परसा गांव के पास हुआ हादसा

दोनों युवक थे शादीशुदा, दो बेटियों का पिता था बादल


बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। सहतवार-हरपुर मार्ग पर परसा गांव के सामने हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हरपुर गांव निवासी नीरज राजभर (21) पुत्र राजेश राजभर और बादल राजभर (26) पुत्र स्व. विजय राजभर बुधवार देर रात बाइक से सहतवार से अपने गांव लौट रहे थे। अभी वे परसा गांव के सामने हनुमान मंदिर के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर हालत में बादल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि दोनों युवक शादीशुदा थे। बादल अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गया है। दो युवकों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी और दोनों परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *