
मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
निबंध और निर्वाचन साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का परिणाम घोषित, 20 छात्र-छात्राओं को मिला पुरस्कार
बलिया। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बांसडीह इंटर कॉलेज में आयोजित निबंध एवं निर्वाचन साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का परिणाम गुरुवार को घोषित किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में चयनित 10-10 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम पुष्कर मिश्रा एवं तहसीलदार नितिन कुमार सिंह ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।


भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी माध्यमिक एवं डिग्री कॉलेजों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) गठित कर उन्हें सक्रिय किया जा रहा है। इसी क्रम में विद्यार्थियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कर उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व और मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्राएं माधुरी गुप्ता, खुशी गोंड, अंजलि पासवान, पूजा चौरसिया, अंजली सोनी, रौनक, शालिनी शर्मा एवं संध्या पटेल तथा कक्षा 10 की साक्षी कुमारी सहित चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वहीं निर्वाचन साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आकाश कुमार, सूरज प्रजापति, अनुज ठाकुर, उज्ज्वल कुमार सिंह, अनुज नारायण शर्मा, खुशी गोंड, अदिति गुप्ता, किरण, प्रीति यादव एवं पूजा चौरसिया को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर एसडीएम पुष्कर मिश्रा ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।



तहसीलदार नितिन कुमार सिंह ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी अपने आसपास के लोगों को मतदान के अधिकार और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में राज प्रकाश सिंह, शिवजी पाण्डेय, संजय सिंह, प्रशांत सिंह, अयोध्या प्रसाद, अबू सालिम और संगीता वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।