
ददरी मेला के मीना बाजार में सजने लगी दुकान, लगने लगी चरखी
गैर प्रांतों से मीना बाजार में पहुंचने लगे दुकानदार व पशु व्यापारी, बढ़ी रौनक
24 तक दुकान व चरखी लगने में जुटे दुकानदार


श्रवण कुमार पांडेय
बलिया। भृगु मुनि के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर लगे ऐतिहासिक ददरी मेले में गैर प्रांतों से दुकान का सामान लेकर व्यापारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया है। बृहस्पतिवार को चरखी, कपड़ा, चाट, पौकड़े सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें पहुंच चुकी थी। नगर पालिका की ओर से निर्धारित जमीन पर दुकान लगाने के लिए व्यापारियों ने टेंट-तंबू को भी आकार देना शुरू कर दिया है। वहीं दूसरी ओर नंदी ग्राम (पशु मेला) में हरियाणा और पंजाब से पहुंची मुर्रा प्रजाति की भैंसें पशुपालकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मवेशियों की खरीदारी करने से लेकर उनकी फोटो लेने के लिए पशु प्रेमी पहुंच रहे हैं।



आपको बता दे दीपावली की अगली सुबह से शुरू हुए ददरी मेला के नंदी ग्राम में छठपर्व के बाद रौनक आने लगी है। देश के कई प्रांतों से कीमती और आकर्षक मवेशियों के पहुंचने का सिलसिला इन दिनों तेज हो गया है। उधर, जमीन आवंटन और भूमिपूजन के बाद से मीना बाजार में भी दुकानें लगाने का काम तेज हो गया है। सामान से लदे ट्रकों का मेला क्षेत्र में पहुंचने का सिलसिला सुबह से देर रात तक जारी है। सामान पहुंचने के साथ ही व्यापारियों के सामने कार्तिक पूर्णिमा (24 नवम्बर) से पहले दुकानों को सजाने की तैयारी करने का काम शुरू कर दिया है।व्यापारियों ने अपने टेंट-तंबू को आकार देना शुरु कर दिया। ददरी मेला का मीना बाजार निर्धारित समय पर सजकर पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।बृहस्पतिवार को बड़ी चरखी, ब्रेक डांस, ड्रैगन, ट्रेन सहित अन्य छोटे – बड़े चरखी मजदूर लगाते नजर आए। इसके साथ ही जनपद और गैर जनपद से पधारे व्यापारियों ने चाट, बर्गर, चाउमीन, जिलेबी, डोसा की दुकानें लगाते नजर आए। प्रयागराज से पधारे रिशु ठाकुर ने बताया कि ददरी मेले में लगातार 20 -25 वर्षों से आ रहे है और चाट, चाउमीन, बर्गर, डोसा व जिलेबी आदि बेचते है। इस वर्ष प्रशासन व्यापारियों को पूरा सहयोग कर रहा है। शहर कोतवाली के अमृतपाली निवासी विजय चौरसिया ने बताया कि बर्गर, चाउमीन, डोसा आदि बेचने का करते है।



चार ब्लाकों में 588 दुकानों और झूलों की जमीन हुई आवंटित
ददरी मेले के मीना बाजार को चार भागों में विभाजित किया गया है। जिसे ए, बी, सी और डी ब्लॉक नाम दिया गया है। बृहस्पतिवार की शाम तक ए ब्लॉक में 288 दुकान और 10 लट्ठा झूला को जमीन आवंटित किया गया। जबकि बी ब्लॉक में 100 दुकान और झूला की जमीन आवंटित की गई। इसी प्रकार सी और डी ब्लॉक में 100 – 100 दुकानों की जमीन आवंटित की गई, शेष का आगे आवंटन होना जारी है।