



शहर से सटे पाॅलिटेक्निक मैदान में लगेंगी पटाखा की दुकानें
पटाखा की दुकान के लिए अब तक 100 ने किया आवेदन

बलिया। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली के अवसर पर शहर से सटे पाॅलिटेक्निक मैदान में पटाखा की दुकानें लगेंगी। इसके लिए कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए है। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने बताया कि अभी तक 100 दुकानों के लाइसेंस के लिए आवेदन हुआ है। वहीं, छह तहसीलों में एसडीएम की तरफ लाइसेंस जारी किए जाएंगे। शहर के रामलीला मैदान में पहले दुकानें लगती थी। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी डीएम ने सुरक्षा को देखते हुए पाॅलिटेक्निक मैदान में अस्थायी दुकानें लगाने के लिए निर्देश जारी किया है।



सिटी मजिस्ट्रेट ने साफ किया है कि अस्थायी आतिशबाजी विक्रय दुकानों की संख्या किसी भी हालात में निर्धारित संख्या से अधिक नहीं होगी। दुकानों का आकार 25 वर्ग मीटर से ज्यादा नहीं होगा। दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखी जाएगी। दुकानों की दिशा एक-दूसरे की ओर नहीं होगी। इसके साथ ही पटाखों की दुकानों के अलावा स्टॉल और प्रदर्शनी की दुकानें लगाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पटाखा बाजार में खरीदारों के वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी। सुरक्षा के दृष्टिगत सभी दुकानदारों बोरी में बालू, ड्रम में पानी अपने अपने दुकानों के पास रखेंगे। इसके अलावा अग्निशमन के जवान के साथ ही अग्निशमन वाहन पानी से भरा रहेगा।