हाईटेंशन तार की चपेट में आने से छात्र की मौत के मामले में प्रभारी प्राध्यापक समेत तीन शिक्षक गिरफ्तार

Spread the love

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से छात्र की मौत के मामले में प्रभारी प्राध्यापक समेत तीन शिक्षक गिरफ्तार

कनैला प्राथमिक विद्यालय में हुआ था हादसा, परिजनों की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज

बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कक्षा चार के छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने तीन शिक्षकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो सहायक अध्यापक और एक शिक्षामित्र शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दो नवंबर 2026 को कनैला प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का एक छात्र हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया था। हादसे में उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए तीन नवंबर को गड़वार थाने के उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव ने पुलिस टीम के साथ नामजद वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार लोगों में विद्यालय के सहायक अध्यापक विजय शंकर पुत्र परिहार हरिजन निवासी चेतक किशोर, थाना सिकंदरपुर, सहायक अध्यापक अनिल कुमार पुत्र शिवधनी निवासी निराला नगर, थाना कोतवाली तथा शिक्षामित्र दीपचन्द्र राम पुत्र कपिल देव राम निवासी हरिपुर, थाना गड़वार शामिल हैं। तीनों की तैनाती प्राथमिक विद्यालय नौका पोखरा, ग्राम कनैला में थी। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को दोपहर एक बजे गिरफ्तार किया गया। इनके विरुद्ध गड़वार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 198 और 3(5) में मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायालय भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *