जनपदीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी में रूपेश प्रथम व आदित्य रहे द्वितीय

Spread the love

जनपदीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी में रूपेश प्रथम व आदित्य रहे द्वितीय

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच और नवाचार का किया प्रदर्शन

बलिया। राजकीय इंटर कॉलेज बलिया के सभागार में बुधवार को आयोजित जनपदीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच और नवाचार का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज बलिया के रूपेश कुमार खरवार ने प्रथम, आरके मिशन स्कूल सागरपाली के आदित्य कुमार पांडेय द्वितीय और टाउन इंटर कॉलेज बलिया के आलोक कुमार गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक सत्यानंद मिश्र और राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शशि प्रकाश राय ने किया।

इस दौरान सत्यानंद मिश्र ने कहा कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है। माध्यमिक विद्यालयों के बाल वैज्ञानिक लगातार नए प्रयोग और नवाचार के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं। विद्यार्थियों की यही वैज्ञानिक सोच देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी। प्रधानाचार्य शशि प्रकाश राय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनमें कार्य करने की असीम संभावनाएं हैं। जरूरत है उनकी सोच को वैज्ञानिक दृष्टिकोण की ओर विकसित करने की, जिसमें शिक्षक लगातार प्रयासरत हैं।
विज्ञान प्रदर्शनी के नोडल अधिकारी डॉ. इफ्तेखार खान ने बताया कि आयोजन राज्य विज्ञान संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र के निर्देश पर किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए वैज्ञानिक प्रौद्योगिकी और नवाचार’ रखा गया था। इसके तहत सात उपविषयों पर विद्यार्थियों ने अपने मॉडल और विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. अनिमेष कुमार मिश्र, टाउन इंटर कॉलेज के रविंद्र नाथ यादव और राजकीय मॉडल स्कूल सिधौली, पंदह के ज्ञान प्रकाश केसरी शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रवक्ता अरुण, दिनेश कुमार गौतम, अरविंद मोहन, लालजी सिंह यादव, मंजू, आरिफ इकबाल, योगिता बाली सिंह सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का योगदान रहा।

इन विद्यालयों के बच्चे रहे अव्वल

कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय में आरके मिशन स्कूल सागरपाली के आदित्य कुमार पांडेय प्रथम, जीजीआईसी बांसडीह की कृति शर्मा द्वितीय और टाउन इंटर कॉलेज के अंकित कुमार कश्यप तृतीय रहे। हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण में राजकीय इंटर कॉलेज के रूपेश कुमार खरवार ने प्रथम, जीजीआईसी बलिया की रिया सिंह ने द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज के रोहित कुमार वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गणितीय मॉडलिंग एवं गणनात्मक सोच में राजकीय इंटर कॉलेज के राज गुप्ता, अनमोल जी और प्रकाश कुमार सिंह क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे।स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सफाई विषय में इसी विद्यालय के संदीप कुमार शाह, अनूप कुमार और विष्णु कुशवाहा ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्वदेशी कृषि पद्धतियों में जीजीआईसी बलिया की खुशी सिंह, रिया सिंह और स्तुति सिंह क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहीं। ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान विषय में जीजीआईसी बांसडीह की कृति शर्मा प्रथम, टाउन इंटर कॉलेज के आलोक कुमार गुप्ता द्वितीय और जीजीआईसी बलिया की प्रकृति गुप्ता तृतीय रहीं। वहीं, आपदा प्रबंधन में टाउन इंटर कॉलेज के अनुज कुमार खरवार प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज के अनमोल जी द्वितीय और टाउन इंटर कॉलेज के हिमांशु कुमार वर्मा तृतीय स्थान पर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *