बलिया में रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने टक्कर, 10 यात्री घायल

Spread the love

बलिया में रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने टक्कर, 10 यात्री घायल

खड़सरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने हुआ हादसा, दो की हालत गंभीर, सीएचसी में चल रहा इलाज

बलिया। खेजुरी थाना क्षेत्र के खड़सरा में गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें बस में सवार 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेजुरी पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार राज्य परिवहन निगम की बस सिकंदरपुर से बलिया जा रही थी। खड़सरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सामने से आ रहे टैंकर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस घटना में सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के गांधी मोहल्ला निवासी आनंद गुप्ता पुत्र अरविंद गुप्ता, चांदनी चौक निवासी संतोष सोनी पुत्र स्वर्गीय पृथ्वीचंद्र, सिसोटार निवासी शिवांशु राय पुत्र मिथिलेश राय और बरमनिया निवासी शेषनाथ सिंह पुत्र रामाधार सिंह घायल हो गए। इसके अलावा करमौता निवासी सच्चिदानंद वर्मा पुत्र स्वर्गीय रघुनाथ वर्मा, बघुड़ी निवासी शिवानी पुत्री लक्ष्मण प्रसाद, प्रभावती पत्नी हीरा तुरहा, उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर निवासी रामनिवास पुत्र सोमारी, चौकिया मोड़ निवासी आर्यन गुप्ता पुत्र सच्चिदानंद गुप्ता और बहुता निवासी शिवमंगल पुत्र रामधनी को भी चोटें आई हैं। वही घायलों में शेषनाथ सिंह के सिर, गले और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं,जबकि रामनिवास को अंदरूनी चोट लगने की बात सामने आई है। सभी घायलों को सीएचसी खेजुरी में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। इस बाबत थानाध्यक्ष सुशील कुमार दूबे ने बताया कि बस सिकंदरपुर से बलिया जा रही थी। खड़सरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने टैंकर से उसकी टक्कर हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *