
दशहरा मेले से चोरी ई-रिक्शा के पुर्जे बरामद, दो गिरफ्तार
20 अक्टूबर को रामलीला मैदान के पिछले गेट से गायब हुआ था ई – रिक्शा
बलिया। शहर के रामलीला मैदान में दशहरा मेले के दौरान चोरी हुए ई-रिक्शा की घटना का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बांसडीह थाना क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी स्थित एक कबाड़ी की दुकान से चोरी किए गए ई-रिक्शा की बॉडी, कटी हुई चेसिस, मोटर, शीशा और अन्य पुर्जे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, ई-रिक्शा चोरी करने के बाद उसे कबाड़ी के हाथों बेच दिया गया था।




शहर कोतवाली क्षेत्र के हरपुर पुरानी बस्ती निवासी विक्रम चौहान 20 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे अपने परिवार के साथ दशहरा मेला घूमने रामलीला मैदान गए थे। उन्होंने अपना ई-रिक्शा रामलीला मैदान के पीछे वाले गेट के पास खड़ा किया था। मेला घूमकर लौटने पर ई-रिक्शा गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद पीड़ित ने 28 अक्टूबर को कोतवाली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरी हुए ई-रिक्शा की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 29 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन बलिया के सर्कुलेटिंग एरिया से नीरज बिंद निवासी बहेरी, थाना कोतवाली को बीती रात करीब 3:10 बजे गिरफ्तार किया।



अभियुक्तों के निशानदेही पर शिवरामपुर चट्टी स्थित कबाड़ी की दुकान से जुड़े जुम्मन निवासी सिकरिया खुर्द, थाना गड़वार, हाल मुकाम शिवरामपुर चट्टी, थाना बांसडीह को भी गुरुवार को करीब 4:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कबाड़ी की दुकान से ई-रिक्शा की बॉडी, बिक्री के लिए खोले गए हिस्से, चेसिस नंबर अंकित कटी हुई मुख्य चेसिस, एक मोटर, सामने का शीशा, दो कटी हुई छतरियां और पीछे का कटा हुआ स्टैंड बरामद किया। पुलिस के अनुसार, नीरज ई-रिक्शा चोरी कर शिवरामपुर ले गया था, जहां उसने उसे कबाड़ी जुम्मन को बेच दिया था।