
बलिया में ब्रेजा कार से 22 लाख का गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
बलिया से देवरिया होते हुए बिहार ले जाने की थी तैयारी, 45 किलो गांजा बरामद
बलिया। सिकंदरपुर पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सफेद रंग की ब्रेजा कार में छिपाकर ले जाया जा रहा 45 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।




पुलिस के अनुसार 15 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि तस्कर चार पहिया वाहन से गांजा लेकर बलिया से सिकंदरपुर होते हुए देवरिया के रास्ते बिहार जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर सिकंदरपुर थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह और एएनटीएफ गाजीपुर प्रभारी सुरेंद्र नाथ सिंह की टीम ने नगरा मोड़ पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी में 45 किलो गांजा बरामद हुआ।



पूछताछ में आरोपी ने विकास कुमार यादव निवासी चन्दरपुरा, थाना ब्रह्मपुर, जिला बक्सर (बिहार) और शुभम सिन्हा उर्फ अमित सिन्हा उर्फ छोटू निवासी वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, थाना टाउन, जिला बक्सर (बिहार) बताया। इस मामले में सिकंदरपुर थाने में धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस बाबत सिकंदरपुर थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह, एएनटीएफ गाजीपुर प्रभारी सुरेंद्र नाथ सिंह, निरीक्षक अशोक दत्त त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राजकेशर सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।