राज्य ललित कला अकादमी ने डॉ. इफ्तेखार खान समेत तीन कलाकारों को किया सम्मानित

Spread the love

राज्य ललित कला अकादमी ने डॉ. इफ्तेखार खान समेत तीन कलाकारों को किया सम्मानित


बलिया के वरिष्ठ चित्रकार डॉ. इफ्तेखार खान को मिला सम्मान, कला के क्षेत्र में योगदान की सराहना


बलिया। राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से दृश्य कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रदेश के तीन वरिष्ठ चित्रकारों एवं कला अध्यापकों को सम्मानित किया गया। बृहस्पतिवार को लखनऊ स्थित राज्य ललित कला अकादमी के लाल बारादरी परिसर में आयोजित समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।


सम्मानित होने वालों में राजकीय इंटर कॉलेज बलिया के वरिष्ठ चित्रकार एवं कला अध्यापक डॉ. इफ्तेखार खान, बंगाली टोला इंटर कॉलेज के कला अध्यापक प्रकाश नारायण सिंह और मेरठ के कला अध्यापक राजेश कुमार त्यागी शामिल रहे। डॉ. इफ्तेखार खान को इसी वर्ष दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। वहीं, प्रकाश नारायण सिंह को राज्य शिक्षक पुरस्कार-2025 तथा राजेश कुमार त्यागी को राज्य पुरस्कार-2023 से सम्मानित किया गया था। तीनों कलाकारों को दृश्य कला के क्षेत्र में सृजनात्मक योगदान, निरंतर कला साधना और कला के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि संगीत नाटक अकादमी, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. जयंत खोत रहे। विशिष्ट अतिथियों में अकादमी के पूर्व अध्यक्ष सीताराम कश्यप, काशी विद्यापीठ के ललित कला विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा, अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात, अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्रा और निदेशक अमित कुमार अग्निहोत्री सहित अकादमी परिवार के सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *