
छह साल की सेवा पूरी होने पर शिक्षकों ने वृद्धाश्रम में बांटी खुशियां
बलिया। 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत नियुक्त शिक्षकों ने सेवा के छह वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को गड़वार स्थित वृद्धाश्रम में सेवा भाव की मिसाल पेश की। शिक्षकों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्ग महिला-पुरुषों को भोजन कराया और मिठाई खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया।



इस दौरान संयुक्त लीगल टीम के दुष्यंत सिंह ने कहा कि 16 अक्टूबर 2020 को नियुक्ति के साथ शिक्षकों को समाज को नई दिशा देने की जिम्मेदारी मिली थी। शुरुआती वर्षों में खुद को साबित करने की चुनौती थी, जिसे शिक्षकों ने मेहनत और लगन से पूरा किया।
टीम के पंकज सिंह ने कहा कि जिले में 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती के तहत तैनात करीब 1600 शिक्षक सरकारी योजनाओं को सफल बनाने में योगदान दे रहे हैं। स्मार्ट क्लास सहित विभिन्न माध्यमों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और बेसिक शिक्षा की तस्वीर बदलने के लिए शिक्षक संकल्पित हैं। जिले को निपुण बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर सतीश मेहता, ललित मोहन सिंह, आशुतोष तिवारी, योगेंद्र सिंह, संजीव सिंह, निर्भय नारायण, दीपक भारती, अखिलेश कुमार, सुमित यादव, सतीश यादव, निलेश पांडेय, प्रशांत कुमार, नवतेज सिंह, गौरव पांडेय, कौशल सिंह, प्रकाश रंजन, पवन यादव, अंकित सिंह आदि रहे।