जय प्रभा सेतु से सरयू नदी में युवक ने लगाई छलांग, तलाश में जुटी पुलिस

Spread the love

जय प्रभा सेतु से सरयू नदी में युवक ने लगाई छलांग, तलाश में जुटी पुलिस

पुल पर बैग, जूता और मोबाइल छोड़कर नदी में कूदा युवक, मछुआरों ने बचाने का किया प्रयास

बलिया। यूपी-बिहार को जोड़ने वाले जय प्रभा सेतु से शुक्रवार को एक युवक ने सरयू नदी में छलांग लगा दिया। जिसे बचाने के लिए मछुआरों ने नाव से अथक प्रयास किया, लेकिन वह गहरे पानी में समा गया। समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने जय प्रभा सेतु के फुटपाथ पर अपना बैग और जूता छोड़ दिया और नदी में छलांग लगा दी। घटना बिहार सीमा के बाद यूपी की सीमा में पुल के पिलर नंबर आठ के पास हुई। पुल पर बैग और जूता पड़े होने की सूचना पर मांझी थाना पुलिस और बलिया की चांददियर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। बैग की तलाशी लेने पर उसमें मोबाइल और आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड पर युवक की पहचान भरत यादव, पुत्र रामचंद्र यादव, निवासी दलन छपरा, जनपद बलिया के रूप में हुई।


पुलिस ने ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि भरत यादव का परिवार पिछले चार-पांच वर्षों से गांव छोड़कर रानीगंज बाजार में किराये के मकान में रहता है। भरत टेंट-पंडाल का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह गुरुवार शाम को रानीगंज से कहीं बाहर जाने के लिए निकला था। शुक्रवार को पुलिस से इस घटना की जानकारी मिली। युवक की तलाश के लिए पुलिस ने यूपी पीएसी की जल पुलिस को बुलाकर मोटरबोट की मदद से खोजबीन शुरू करा दी। साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। समाचार लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *