
ट्रेन से दिल्ली जा रहे दो नाबालिग छात्र को फेफना पुलिस ने गोंडा से किया बरामद
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र से लापता हुए कक्षा सात के दो नाबालिग छात्रों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गोंडा रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों छात्र पांच सितंबर को विद्यालय की छुट्टी के बाद अपने घर नहीं पहुंचे थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।



जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग छात्र माल्देपुर स्थित नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर में कक्षा सात में पढ़ते हैं। दोनों छात्र पांच सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे विद्यालय पहुंचे थे। दोपहर तीन बजे छुट्टी होने के बाद दोनों अपने घर नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना फेफना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मामले में धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर बच्चों की तलाश के लिए टीम गठित की। इसी क्रम में उपनिरीक्षक शिवम कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में पतारसी- सुरागरसी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों बच्चे ट्रेन से दिल्ली की ओर जा रहे हैं और ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही फेफना पुलिस ने तत्काल जीआरपी गोंडा से संपर्क किया। पुलिस की तत्परता के चलते जीआरपी की मदद से दोनों बच्चों को गोंडा रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया। दोनों बच्चों की बरामदगी के बाद पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। वहीं, बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने फेफना पुलिस की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।