
बलिया में ईंट भट्ठे के तालाब में मिला महिला का शव, सनसनी
दो -तीन माह से बुढ़वा ब्रह्म स्थान स्थित धर्मशाला में रह रही थी महिला

बलिया। मनियर नगर पंचायत के बुढ़वा बाबा स्थान के पास रविवार को ईंट भट्ठे की खुदाई से बने तालाब में महिला का शव उतराया हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के खरौंदा गांव निवासी बेबी चौहान (25) पुत्री प्रेमचंद चौहान के रूप में हुई है।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे लोगों ने तालाब में महिला का शव उतराया देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महिला ने काले रंग की समीज और लाल रंग की सलवार पहन रखी थी। मृतका के दोनों हाथों में हरे रंग की दो-दो चूड़ियां, पैरों में पायल और गले में लॉकेट था। मांग में सिंदूर लगा होने से उसके शादीशुदा होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला पिछले करीब दो-तीन महीने से बुढ़वा ब्रह्म स्थान स्थित धर्मशाला में रह रही थी। वहां ठहरे यात्रियों के अनुसार उसने खुद को मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र की रहने वाली बताया था। बताया गया कि महिला को मिर्गी की बीमारी भी थी।



पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब आठ बजे महिला ने एक दुकानदार के मोबाइल से अपने घर पर बात की थी। इस दौरान उसने कथित तौर पर अपनी मां से बात कराने को कहा और यह भी कहा कि वह जिंदा है, लेकिन उसे मरा हुआ ही समझें। इसके कुछ घंटे बाद उसका शव तालाब में मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।धर्मशाला में रह रहे अन्य तीर्थयात्रियों ने पुलिस को बताया कि नवरात्र के दौरान महिला की मां भी वहां आई थी और बाद में उसे धर्मशाला में छोड़कर चली गई थी। इस बाबत थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिला के परिजनों से संपर्क हो गया है और वे मऊ से रवाना हो चुके हैं।