
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, 27-28 अक्टूबर को भारी बारिश के आसार
उपनिषद कृषि बलिया मनीष सिंह ने जारी की एडवाइजरी, किसानों व आमजन को मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करने की दी सलाह

बलिया। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम तेजी से मजबूत हो सकता है। इसके प्रभाव से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।



मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 24 अक्टूबर तक डिप्रेशन और 25 अक्टूबर तक डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है। इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने की आशंका जताई गई है। इस मौसमी बदलाव का सबसे अधिक असर ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में देखने को मिल सकता है। ओडिशा में 26 से 29 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 27 से 29 अक्टूबर तक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 27 और 28 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरतने की जरूरत है।



मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ इलाकों में 26 और 27 अक्टूबर को गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। हालांकि, बलिया समेत उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश की स्थिति और तीव्रता की पुष्टि के लिए स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखना जरूरी है। उपनिदेशक कृषि बलिया मनीष कुमार सिंह ने एडवाइजरी जारी करते हुए जनपद के किसानों और आम लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।