अपडेट…

बलिया टेकार पुलिया के पास बाढ़ के पानी में स्नान करते वक्त चार युवक डूबे, दो को ग्रामीणों ने बचाया, दो के पुलिस ने शव किया बरामद
दो बाइक से पांच दोस्त पहुंचे थे टेकार पुलिया काली मंदिर के पास स्नान करने



बलिया। दुबहर थाना क्षेत्र के टेकार पुलिया के पास गंगा नदी के बाढ़ के पानी में स्नान करते वक्त चार युवक डूबने लगे। जिसमें से दो युवकों को आसपास के लोगों ने किसी तरह बचा लिया। जबकि दो युवक डूब गए। सूचना मिलते ही दुबहर थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल अपने टीम और एनडीआरएफ टीम के साथ पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद डूबे दो युवकों के शव को बाहर निकाल अग्रिम कार्रवाई में जुट गए। मृतकों की शिनाख्त अभिषेक गौड़ 16 वर्ष पुत्र अजय शंकर निवासी रघुनाथपुर थाना दुबहर तथा अनीस अंसारी 17 वर्ष पुत्र चुन्नू अंसारी निवासी रघुनाथपुर थाना दुबहर बलिया के रूप में की गई।



जानकारी के अनुसार दुबहर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी पांच दोस्त दो बाइक पर दुबहर-बलिया बंधा स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले मार्ग पर टेकार पुलिया (मां काली मंदिर) माधोमठ के पास पहुंचे। जहां बाइक खड़ा कर चार दोस्त स्नान करने लगे। जबकि पांचवा बाहर खड़ा रहा। स्नान करते वक्त चारों दोस्त डूबने लगे। बाहर खड़े युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। जिनके अथक प्रयास से दो युवकों को बचा लिया गया। जबकि दो डूब गए। सूचना मिलते ही दुबहर थानाध्यक्ष मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और छानबीन में जुट गए। कुछ ही देर में एनडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव को बाहर निकाल पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। उधर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो- रोकर बुराहाल है।