
मिट्टी की दीवार में दबने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम
बलिया। चिलकहर क्षेत्र के नफरेपुर गांव में रविवार सुबह पुरानी मिट्टी की दीवार गिरने से पांच वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।







बताया गया कि नफरेपुर गांव में पांच वर्षीय कीर्ति राजभर पुत्री हरकेश राजभर पड़ोस की किराने की दुकान से बिस्कुट लेने गई थी। दुकान से लौटते समय उसके साथ एक अन्य बच्ची भी थी, जो आगे निकल गई। इसी दौरान रास्ते में मौजूद पुरानी और मोटी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। जिसमें कीर्ति उसके नीचे दब गई। यह देख एक बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया। आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद मिट्टी की दीवार हटाकर बच्ची को बाहर निकाला। ग्रामीण उसे तत्काल रसड़ा चिकित्सालय लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, कीर्ति राजभर अपने नाना-नानी के गांव नफरेपुर आई हुई थी। उसका मूल निवास नसीरपुर कला बताया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की है।