
चाकू से हमला करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद
बलिया। हल्दी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।



पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर को वादिनी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उसके पति की जान लेने की नीयत से चाकू से हमला किया। हमले में उसके पति लहूलुहान होकर गिर पड़े थे। मामले में हल्दी थाना में दर्ज धारा 109(1), 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी।



इसी क्रम में शनिवार को उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र यादव और उपनिरीक्षक सुधीर चौहान पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभिमन्यु राजभर उर्फ छोटू राजभर उर्फ बुआ (20) पुत्र कृष्णा राजभर निवासी परसिया, थाना हल्दी को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास से दोपहर करीब 1:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक चाकू बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया