बलिया बाढ़ के पानी में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Spread the love

बलिया बाढ़ के पानी में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बलिया। दोकटी थाना क्षेत्र के हृदयपुर गांव में शनिवार सुबह बाढ़ के पानी में डूबने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार हृदयपुर गांव निवासी कौशल राम का 20 वर्षीय पुत्र अभिनंदन राम शनिवार सुबह करीब 10 बजे किसी काम से हृदयपुर ढाला गया था। काम पूरा करने के बाद वह घर लौट रहा था। इसी दौरान हृदयपुर ढाला से कुछ दूरी पर बंधे के नीचे खड़ंजा मार्ग से गुजरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे बाढ़ के पानी में चला गया। अभिनंदन के पानी में डूबने कीजानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण मौके पर जुट गए और उसकी तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर दोकटी पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय युवकों ने पानी में उतरकर काफी प्रयास किया, जिसके बाद अभिनंदन को बाहर निकाला गया।

परिजन और ग्रामीण आनन- फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन शव लेकर दोकटी थाने पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पूर्व ग्राम प्रधान अजय राम ने बताया कि अभिनंदन अभी पढ़ाई कर रहा था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। करीब सात-आठ महीने पहले उसके एक भाई की ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से मौत हो गई थी। अब अभिनंदन की मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *