
बलिया में बाढ़ का कहर, 20 हजार आबादी प्रभावित; राहत-बचाव में उतरीं 47 नावें
6110 राशन किट और 81,300 पैकेट भोजन बांटे गए, 16 हजार से अधिक पशुओं का टीकाकरण
बलिया। गंगा और सरयू नदियों के बढ़ते जलस्तर से जिले के कई इलाकों में बाढ़ का संकट गहरा गया है। बाढ़ का पानी अब आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच गया है। जिला प्रशासन के अनुसार करीब 20 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए 47 नावों को लगाया गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, दवा और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था तेज कर दी है।



तहसील सदर क्षेत्र के मुड़ाडीह, शिवपुर दियर नम्बरी के कृपा राय का डेरा, प्रानपुर, भरसौता के गिरी के टोला और नगर पालिका बलिया के वार्ड नंबर-11 में बाढ़ का पानी आबादी तक पहुंच गया है। वहीं बैरिया तहसील के गोपालनगर टाड़ी, चांददियर और गोपालपुर के उदयी छपरा में भी बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है।
बांसडीह तहसील क्षेत्र के भोजपुरवा, सुल्तानपुर, कमालपुर, चांदपुर, कोलकला, चितबिसांव कला, चितबिसांव खुर्द, रेगहां, कचनार, किर्तुपुर, पर्वतपुर, सारंगपुर, दियरा गंभीरार, दियरा भांगर, रामपुर नम्बरी और चकविलियम गांव सरयू नदी की बाढ़ से प्रभावित हैं।
6110 राशन किट और 81 हजार से अधिक भोजन पैकेट वितरित
प्रशासन के मुताबिक बाढ़ प्रभावित परिवारों को अब तक 6110 राशन किट वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 33,411 दवा किट भी बांटी गई हैं। दवा किट में दवाओं के उपयोग और सेवन से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए गोपालनगर टाड़ी और भोजपुरवा में बाढ़ शरणालय तथा कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं। यहां से प्रभावित लोगों को पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक 81,300 भोजन पैकेट वितरित किए जा चुके हैं।



16,299 पशुओं का टीकाकरण, 955 कुंतल भूसा बांटा
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं को संक्रमण से बचाने के लिए प्रशासन ने 16,299 पशुओं का टीकाकरण कराया है। वहीं पशुपालकों को राहत देने के लिए 955 कुंतल भूसा वितरित किया गया है। प्रशासन ने सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। राहत शिविरों में सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में जनरेटर के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। एनडीआरएफ और पीएसी की टीमें भी लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
अधिकारी कर रहे प्रभावितों से संपर्क
जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से संवाद कर रहे हैं। चिकित्सकों की टीमें भी गांवों में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रभावित परिवारों से दिन में कम से कम दो बार संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली जा रही है।
आपदा में इन नंबरों पर करें संपर्क
बाढ़ या किसी आपात स्थिति में ग्रामीण जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।
जिला कंट्रोल रूम: 9454417979
लैंडलाइन: 05498-220832, 05498-220235
टोल फ्री: 1077