
श्रवण कुमार पांडेय
बलिया के लाल भोजपुरी गायक-अभिनेता गोपाल राय को मिला भारत गौरव सम्मान
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने किया सम्मानित
बलिया। भोजपुरी कला, संगीत और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बलिया के भोजपुरी गायक व अभिनेता गोपाल राय को प्रतिष्ठित भारत गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। देहरादून, उत्तराखंड में भारत गौरव फाउंडेशन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।



राज्यपाल ने गोपाल राय के भोजपुरी कला और संगीत के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। समारोह में कला, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान भोजपुरी भाषा, लोकगीत और संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई। गोपाल राय लंबे समय से भोजपुरी भाषा, लोकगीतों और संस्कृति से जुड़े गीतों के माध्यम से अपनी पहचान बना रहे हैं। उनकी गायकी में भोजपुरी लोकजीवन और संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। भारत गौरव सम्मान मिलने की जानकारी के बाद उनके परिवार, मित्रों, प्रशंसकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद गोपाल राय ने इसे अपने लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने भारत गौरव फाउंडेशन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि किसी कलाकार के काम को पहचान मिलना उसके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। उन्होंने यह सम्मान अपने परिवार, प्रशंसकों, सहयोगियों और उन सभी लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने उनके संगीत सफर में उनका साथ दिया।



गोपाल राय को राज्यपाल के हाथों सम्मान मिलने को भोजपुरी कलाकारों के लिए भी प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भोजपुरी भाषा और संस्कृति के लिए भी गौरव की बात है। सम्मान के बाद गोपाल राय ने भोजपुरी कला और संस्कृति के क्षेत्र में और बेहतर काम करने का संकल्प जताया।