डीएम ने परखी बाढ़ की हकीकत, लापरवाही पर लेखपाल को दी चेतावनी

Spread the love

डीएम ने परखी बाढ़ की हकीकत, लापरवाही पर लेखपाल को दी चेतावनी

प्रभावित गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार व सर्वे रिपोर्ट देने का दिया निर्देश

बलिया। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के निहोरा नगर, यारपुर, वजीरापुर व जानकीपुरम नगर में घरों में बाढ़ का पानी पहुंचने की सूचना पर मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।उन्होंने मौके पर मौजूद लेखपाल और कानूनगो से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नगर के वार्ड नंबर 24 के करीब 50 घरों में पानी पहुंच गया है, जबकि वार्ड नंबर 11 में कुछ घर प्रभावित हैं। डीएम ने प्रत्येक वार्ड का सर्वे कर पानी से प्रभावित और सुरक्षित मकानों के साथ प्रभावित गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्वे रिपोर्ट मंगलवार शाम तक उपलब्ध कराने को कहा।


निरीक्षण के दौरान यारपुर के बाढ़ पीड़ितों ने शिकायत की कि संबंधित लेखपाल क्षेत्र में निरीक्षण करने नहीं पहुंचे हैं। लोगों ने जलभराव के कारण आवागमन में हो रही परेशानी की जानकारी दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित लेखपाल को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल नाव की व्यवस्था कराने के साथ वजीरापुर गांव का विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए। सर्वे में कुल घरों, प्रभावित मकानों, गर्भवती महिलाओं और विस्थापित लोगों की जानकारी दर्ज करने को कहा।


उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों का व्यापक सर्वे कराने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि लेखपाल नियमित रूप से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। डीएम ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सर्वे कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एसडीएम सदर, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *