
नेपाल त्रासदी में बलिया का युवक लापता, परिजनों में मचा कोहराम
पत्नी बोली- पति नहीं लौटे तो किसके सहारे रहूंगी, सरकार से सुरक्षित घर लाने की गुहार
बलिया। नेपाल में आई जलप्लावन की त्रासदी के बाद सहतवार थाना क्षेत्र के बेऊर गांव निवासी 25 वर्षीय गोविंद भारती लापता हैं। नेपाल के रसुआ स्थित एंड्रिड हाइड्रो पावर कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड में वेल्डर के पद पर कार्यरत गोविंद से 26 अगस्त की सुबह बातचीत के बाद परिजनों का संपर्क टूट गया। उनका मोबाइल लगातार बंद बता रहा है। बेटे की कोई खबर नहीं मिलने से पिता सुमेर राम, मां चिंता देवी और पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है।



गोविंद सुमेर राम के सबसे बड़े पुत्र हैं और रोजगार के सिलसिले में नेपाल गए थे। इसी वर्ष एक मई को उनकी शादी सुरेमनपुर के पास मधुबनी गांव निवासी प्रियंका भारती से हुई थी। शादी के करीब एक महीने बाद ही वह नौकरी के लिए नेपाल चले गए। गोविंद ने पत्नी से 15 सितंबर को घर लौटने की बात कही थी।
पत्नी प्रियंका ने बताया कि 26 अगस्त की सुबह करीब सात बजे उनकी गोविंद से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। गोविंद ने उन्हें रक्षाबंधन पर मायके जाने और राखी बांधने के बाद वापस लौटने की बात कही थी। इसके बाद से उनका फोन बंद है। प्रियंका ने सरकार से पति की तलाश कर उन्हें सुरक्षित घर लाने की गुहार लगाई है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि पति वापस नहीं आए तो वह किसके सहारे रहेंगी।



पिता सुमेर राम और मां चिंता देवी भी बेटे की सलामती को लेकर बेहद चिंतित हैं। परिजन और रिश्तेदार लगातार गोविंद के मोबाइल पर फोन कर रहे हैं, लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा है। नेपाल में आई त्रासदी के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। परिवार के लोग लगातार गोविंद की जानकारी जुटाने में लगे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।