
राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस पर रेवती में होगा विशेष आयोजन, चालकों के हक की उठेगी आवाज
बलिया। एक सितंबर को राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन, बागी बलिया की ओर से रेवती स्थित मां पंचरुखा देवी मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।



इस दौरान संगठन के पदाधिकारी ड्राइवरों के हितों और अधिकारों से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे। ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करने, ड्राइवर आयोग के गठन और चालकों को आवास उपलब्ध कराने समेत अन्य मांगों को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।



गड़वार ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय ने कहा कि चालक दिन-रात मेहनत कर लोगों और आवश्यक सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों पर सरकार व समाज का ध्यान जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग की जिम्मेदारी केवल चालक की नहीं, बल्कि प्रत्येक सड़क उपयोगकर्ता की है। संगठन ने वाहन चालकों से हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है।