शिक्षकों को 15 दिन विशेष अवकाश देने की मांग

Spread the love

शिक्षकों को 15 दिन विशेष अवकाश देने की मांग

टीएससीटी ने राज्यसभा सांसद नीरज शेखर को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

बलिया। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर टीचर सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) की जिला इकाई ने रविवार को राज्यसभा सांसद नीरज शेखर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए लागू कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था के लिए आभार जताते हुए इसे सेवानिवृत्ति के बाद भी जारी रखने की मांग की गई।

इसके अलावा वर्ष में मिलने वाले 14 आकस्मिक अवकाश को वर्तमान सामाजिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के लिहाज से अपर्याप्त बताते हुए शिक्षकों को 15 दिवस का विशेष अवकाश दिए जाने की मांग की गई। टीएससीटी पदाधिकारियों ने कहा कि परिवार या निकट संबंधी की मृत्यु, माता-पिता के अस्वस्थ होने, संतान के जन्म और स्वयं के विवाह जैसी परिस्थितियों में शिक्षकों को पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विशेष अवकाश की व्यवस्था आवश्यक है। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें उचित माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला संयोजक सतीश सिंह, चंद्रशेखर पासवान, संजय कन्नौजिया, लालजी यादव, विजय राय, सूर्यप्रकाश यादव, आलोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *