
दहेज हत्या मामले में पति और सास गिरफ्तार
मृतका के चचेरे भाई ने दहेज के लिए हत्या का लगाया था आरोप
बलिया। भीमपुरा थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित पति और सास को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है।




पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी चचेरी बहन की शादी 29 अप्रैल 2021 को राकेश कुमार यादव के साथ हुई थी। आरोप है कि पति, सास, ससुर और देवर दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे और उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने धारा 85, 80(2) बीएनएस और धारा 4 डीपी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान शनिवार को उपनिरीक्षक धर्मवीर यादव पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राकेश कुमार यादव (30) पुत्र कमलेश यादव और उसकी मां इसरावती देवी (56) पत्नी कमलेश यादव, निवासी शाहपुर (यादवनगर), थाना भीमपुरा को सब्दलपुर चट्टी से करीब 100 मीटर पहले बरौली-सब्दलपुर मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमे की धाराओं से अवगत कराते हुए गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।