
रविवार की आस लगाए बैठे ददरी मेला के दुकानदार, नहीं चली चरखी
गुरुवार को पूरे दिन नहीं चली चरखी, नट बोल्ट कसते रहे कारीगर
मेले में पहुंचे लोगों जलेबी, चाट व चाउमीन का उठाया लुत्फ



बलिया। भृगु मुनि के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर लगने वाले ऐतिहासिक ददरी मेले में गुरुवार को पूरे दिन झूले व चरखी न चली। कारीगर झूलों के नट बोल्ट कसते नजर आए। इसके चलते झूला झूलने वाले लोगों को मायूस होना पड़ा। जबकि मीना बाजार में लोगों के पहुंचने से थोड़ी रौनक बढ़ने लगी है। लेकिन दुकानदारों को आने वाले पहले रविवार का बेसब्री से इंतजार है। गुरुवार को सुदूर क्षेत्र से ददरी मेला में पहुंचे लोगों ने चाट, चाउमीन, बर्गर, डोसा, जलेबी का आनंद उठाया। इसके पूर्व गर्म वस्त्र के साथ ही शादी – विवाह के साजो -सामान की महिलाओं ने खरीदारी की। दुकानदारों का कहना है कि रविवार से मीना बाजार में और भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। जिसका हम दुकानदार बेसब्री से इंतजार कर रहे है।






बता दे कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन से मीना बाजार गुलजार हो गया है। मीना बाजार में कांकरी, गर्म वस्त्र, हर एक मॉल, कालीन, खादी आश्रम, सौंदर्य प्रसाधन के अलावा जलेबी, चाट, डोसा, चाउमीन की अधिकांश दुकानें सजकर तैयार हो चुकी है। वहीं कुछ दुकानदार बांस-बल्ली गाड़ने के साथ ही सामान को सजाने में रात दिन लगे हुए हैं। उधर नाव, ड्रैगन, ब्रेक डांस, बड़ी चरखी सहित अन्य छोटे – बड़े झूले तैयार किए जा रहे थे। ताकि रविवार को मेले में पहुंचने वाले लोगों को झूला झुलाया जा सके।