
महिला और युवा मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाएं : डीएम
बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गुरुवार को ब्लॉक रेवती में बैठक कर मतदाता पंजीकरण, स्वगणना जागरूकता और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पात्र महिलाओं और युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया।



डीएम ने कहा कि शादी के बाद दूसरे स्थानों से आई बहुओं समेत सभी पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जांचे जाएं। जिले में प्रति हजार पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं का अनुपात करीब 801 है, जिसे सुधारने के लिए अभियान चलाया जाए। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरा करने वाले युवाओं का भी पंजीकरण कराया जाए। ग्राम पंचायत और विधानसभा मतदाता सूची के बीच 200 से 400 मतदाताओं के अंतर की पड़ताल कर छूटे पात्र लोगों को सूची में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने और 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बनवाने को कहा। बैठक में बीडीओ रेवती समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।